पुलिस लाइन में शहीदों की याद में संस्मरण दिवस आयोजित, परिजनों की आंखें हुई नम
By Team Lohardaga live


लोहरदगा जिले के बकसीडीपा स्थित पुलिस लाइन में मंगलवार को शहीदों की याद में संस्मरण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और उनके बलिदान को नमन किया गया। इस मौके पर पुलिस अधिकारियों, जवानों एवं शहीदों के परिजनों ने मोमबत्तियां जलाकर शहीदों को याद किया।
स्मरण दिवस के दौरान माहौल भावुक हो गया जब शहीद जवानों के परिजन अपने प्रियजनों की याद में रो पड़े। कई परिजनों की आंखें नम थीं, जिन्हें देखकर मौजूद लोग भी भावुक हो उठे। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि देश और समाज की रक्षा के लिए जिन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया, उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनके परिवारों को गर्व होना चाहिए कि उनके पुत्रों ने देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर किए।
मौके पर एसडीपीओ, डीएसपी, पुलिस अधिकारी, जवान और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। शहीदों के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम के अंत में परिजनों को फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया गया और प्रशासन की ओर से उन्हें सांत्वना दी गई।
शहीद स्मरण दिवस का यह आयोजन वीरता, त्याग और समर्पण की याद दिलाता है कि देश की सुरक्षा में बलिदान देने वाले जवान हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेंगे।
