तीन माह से वेतन नहीं मिलने पर पशुपालन कर्मियों में नाराजगी
By Team orangehindi


दशहरा से पहले भुगतान नहीं हुआ तो दुर्गापूजा के बाद तेज होगा आंदोलन, नई जिला कमेटी का भी हुआ निर्वाचन
लोहरदगा, 14 अक्टूबर। झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ, रांची की राज्य कमेटी के निर्णय के आलोक में बुधवार को झारखंड राज्य पशुपालन अराजपत्रित कर्मचारी संघ की जिला शाखा लोहरदगा ने जिला पशुपालन पदाधिकारी के कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना-सत्याग्रह किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महेश कुमार सिंह ने की। धरना के माध्यम से कर्मचारियों ने तीन माह से वेतन भुगतान नहीं होने, तृतीय एवं चतुर्थ वर्ग के कर्मियों को प्रोन्नति नहीं मिलने तथा पदों को अचानक समाप्त किए जाने का मुद्दा उठाया।
महेश कुमार सिंह ने कहा कि विभागीय विकास में अहम भूमिका निभाने वाले कर्मचारियों को आवंटन उपलब्ध रहने के बावजूद तीन महीने से वेतन नहीं मिलना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि दशहरा से पूर्व वेतन भुगतान नहीं होने पर दुर्गापूजा के बाद आक्रोशपूर्ण आंदोलन किया जाएगा। धरना-सत्याग्रह के समापन पर जिला पशुपालन पदाधिकारी को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा गया।
इससे पूर्व चुनाव पदाधिकारी मोहम्मद जफर आलम की देखरेख में संघ की जिला कमेटी का निर्वाचन किया गया। इसमें मारकस तिर्की अध्यक्ष, राजेश कुमार सिंह कार्यकारी अध्यक्ष, तारकेश्वर देवी और अशोक शर्मा उपाध्यक्ष, सुनील कुमार सुमन जिला सचिव, शशि कुमार महतो और सूरज उरांव संयुक्त सचिव, मंटू कुमार कोषाध्यक्ष तथा अजय कुमार कार्यालय सचिव चुने गए।