डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों पर चलने का लिया संकल्प, भाजपा ने मनाई 125वीं जयंती
By Team Lohardaga live

समीर उरांव बोले— डॉ. मुखर्जी भारतीय राजनीति के आधार स्तंभ थे, राष्ट्रसेवा ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि
लोहरदगा। भारतीय जनता पार्टी लोहरदगा जिला इकाई द्वारा जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। इस दौरान उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पित रहने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद एवं भाजपा जनजातीय मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी भारतीय राजनीति के आधार स्तंभ थे। उनके विचार और राष्ट्रवादी सोच आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा राष्ट्रसेवा ही डॉ. मुखर्जी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
समीर उरांव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है और भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जनसेवा के माध्यम से इस अभियान को मजबूत करने में जुटा है।
प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी अमित कुमार सिंह ने केंद्र एवं प्रदेश संगठन द्वारा संचालित कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, जहां सभी कार्यकर्ताओं को समान सम्मान मिलता है और दायित्व के आधार पर जिम्मेदारियां सौंपी जाती हैं।
प्रदेश मंत्री मनीर उरांव ने कहा कि भाजपा में सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता ओम प्रकाश सिंह ने कहा कि पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जिनके बल पर भाजपा विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी बनी है।
लोहरदगा नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव ने कहा कि भाजपा सामाजिक समरसता, राष्ट्रभक्ति और सेवा की भावना के साथ कार्य करने वाला संगठन है, जहां सभी वर्गों को समान अवसर और सम्मान मिलता है।
अध्यक्षीय संबोधन में जिला अध्यक्ष अजय कुमार पंकज ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति भाजपा की मूल पहचान हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके आदर्शों पर चलकर विकसित भारत और विश्वगुरु भारत के निर्माण के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री मिथुन तमेड़ा ने किया। इस अवसर पर प्रदेश युवा मोर्चा उपाध्यक्ष आजातशत्रु, जिला महामंत्री पशुपतिनाथ पारस, प्रदेश मंत्री मनीर उरांव, जिला उपाध्यक्ष सरिता देवी, कलावती देवी, जिला मंत्री मीना बाखला, विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
