लक्ष्य के अनुरूप करें राजस्व संग्रहण : डॉ ताराचंद
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। उपायुक्त डॉ ताराचंद की अध्यक्षता में आज आंतरिक संसाधन एवं राजस्व संग्रहण संबंधी समीक्षा बैठक समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में मत्स्य विभाग को शेष तालाबों की बंदोबस्ती कराने व बकाया राशि की वसूली किये जाने का निर्देश दिया गया।
विद्युत प्रमण्डल को नियमित रूप से छापेमारी करने का निर्देश दिया गया। माप-तौल विभाग को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए मिठाई दुकानों में माप-तौल व गुणवत्ता की जांच, राशन दुकानों में डिजिटल तौल मशीन की जांच, तराजू की जांच, भारतीय खाद्य निगम के गोदामों में माप-तौल की जांच, पेट्रोल पंप में माप की जांच कराने का निर्देश दिया गया।
सभी अंचल अधिकारियों को प्रत्येक शनिवार को अंचल कार्यालय परिसर में अंचल-सह-थाना दिवस का आयोजन कर लोगों की समस्याओं का निवारण करने का निर्देश दिया गया। भूमि कब्जा प्रमाण पत्र से संबंधित आवेदन, म्युटेशन, सक्सेशन म्युटेशन के आवेदन ससमय निष्पादित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में ई-रेवेन्यू कोर्ट, परिशोधन पोर्टल, भूमि हेतु अधियाचना, जाति/आवासीय प्रमाण-पत्र संबंधी निर्देश सभी संबंधित पदाधिकारियों को दिये गये। उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण का निर्देश दिया।
आज की बैठक अपर समाहर्ता जितेंद्र मुण्डा, अनुमण्डल पदाधिकारी अमित कुमार समेत अन्य संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारीगण व अंचलाधिकारीगण उपस्थित थे।
