Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में कांग्रेस की सांगठनिक एवं एसआईआर अभियान की समीक्षा बैठक, बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने पर जोर

By Team Lohardaga live

political
बैठक के दौरान उपस्थित कांग्रेस के पदाधिकारी

प्रदेश प्रभारी बेला प्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, सांसद सुखदेव भगत व जिलाध्यक्ष सुखेर भगत ने कार्यकर्ताओं से मतदाता पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने की अपील की

लोहरदगा में कांग्रेस की सांगठनिक एवं एसआईआर अभियान की समीक्षा बैठक, बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने पर जोर
लोहरदगा में कांग्रेस की सांगठनिक एवं एसआईआर अभियान की समीक्षा बैठक, बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने पर जोर

लोहरदगा। लोहरदगा संसदीय क्षेत्र के सांगठनिक एवं एसआईआर मतदाता की समीक्षा बैठक का आयोजन नगर भवन में किया गया। बैठक में संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी बेला प्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखेर भगत सहित बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी बेला प्रसाद ने कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से होती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है। कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का काम करे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर संपर्क कर लोगों को मतदाता सूची के पुनरीक्षण की जानकारी देने तथा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही जनता की आवाज को प्रभावी ढंग से उठा सकता है।

सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति मतदाता है और प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। एसआईआर अभियान के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी योग्य मतदाता का अधिकार प्रभावित न हो। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर सक्रिय रहकर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुखेर भगत ने कहा कि जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से निर्देशों का पालन करते हुए मतदाता पुनरीक्षण अभियान को गंभीरता से लेने तथा अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने की अपील की।

बैठक के दौरान विभिन्न प्रखंडों से आए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की संगठनात्मक गतिविधियों और एसआईआर अभियान की प्रगति की जानकारी दी। साथ ही अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए सुझाव भी प्रस्तुत किए गए। बैठक के अंत में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया।