सेवा का अधिकार सप्ताह प्रारंभ, 28 तक सभी पंचायतों में लगेंगे शिविर
By Team Lohardaga live

उपायुक्त ने दिया अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने का निर्देश
लोहरदगा। राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में जिले में सेवा का अधिकार सप्ताह शुक्रवार से प्रारंभ हो गया। पहले दिन लोहरदगा जिले के सात पंचायतों एवं नगर परिषद क्षेत्र में शिविरों का आयोजन किया गया। इनमें सेन्हा प्रखंड का मुर्कीतोड़ार, सदर प्रखंड का जोरी पंचायत, कैरो प्रखंड का हनहट पंचायत, किस्को प्रखंड का अरैया पंचायत, भंडरा प्रखंड का उदरंगी पंचायत, पेशरार प्रखंड का पेशरार पंचायत और कुडू प्रखंड का सुंदरू पंचायत शामिल हैं। नगर परिषद क्षेत्र में शिविर नगर भवन में आयोजित किया गया।
शिविरों में जाति प्रमाण पत्र, स्थानीय निवासी प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, दाखिल-खारिज, भूमि मापी, भूमि धारण प्रमाण पत्र, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की स्वीकृति से संबंधित आवेदन स्वीकार किए गए। साथ ही झारखंड राज्य सेवा गारंटी अधिनियम 2011 में सूचीबद्ध अन्य सेवाओं से संबंधित आवेदन भी लिए गए तथा पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को अधिक से अधिक संख्या में आवेदन प्राप्त करने, उन्हें सरकार के पोर्टल पर दर्ज करने तथा निर्धारित समयावधि में निष्पादित करने का निर्देश दिया है।
शिविरों में जिला से प्रतिनियुक्त वरीय पदाधिकारी, नोडल पदाधिकारी, संबंधित प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी और अंचल अधिकारी मौजूद रहे। ये आमजनों को सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान कर रहे हैं और प्राप्त आवेदनों की प्रविष्टि भी सुनिश्चित करवा रहे हैं।
