यातायात नियमों के कड़ाई से पालन से ही रोकी जा सकती हैं सड़क दुर्घटनाएं : कुणाल अभिषेक
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। नववर्ष के अवसर पर सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य कुणाल अभिषेक ने सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आमजनों से यातायात नियमों के कड़ाई से पालन की अपील की है। इस संबंध में जारी विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय सतर्कता, संयम और अनुशासन ही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है।
उन्होंने कहा कि सभी वाहन चालकों को हमेशा निर्धारित गति सीमा के भीतर ही वाहन चलाना चाहिए तथा किसी भी परिस्थिति में नशे की हालत में वाहन नहीं चलाना चाहिए। वाहन चलाते समय चालक का पूरा ध्यान सड़क और ड्राइविंग पर होना आवश्यक है। मोबाइल फोन का उपयोग या किसी भी प्रकार की ध्यान भटकाने वाली गतिविधियां दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं, इसलिए इससे बचना बेहद जरूरी है।
कुणाल अभिषेक ने कहा कि वाहन चलाते समय किसी भी प्रकार के खतरनाक स्टंट या जोखिम भरे कार्य न केवल चालक के लिए बल्कि अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए भी जानलेवा साबित हो सकते हैं। उन्होंने नववर्ष के अवसर पर अभिभावकों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें, क्योंकि यह कानूनन अपराध होने के साथ-साथ बच्चों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है।
उन्होंने यह भी कहा कि चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें, वहीं दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना बेहद आवश्यक है। अंत में उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यातायात नियमों का पालन कर न केवल अपनी बल्कि दूसरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और नववर्ष 2026 सुरक्षित एवं खुशहाल बन सके।
