Orange hindi lohardaga live

झारखंड@25 थीम के तहत लोहरदगा में आयोजित हुआ ‘रन फॉर झारखंड’

By Teem Lohardaga live

Administrative
दौड़ में शामिल उपायुक्त व अन्य अधिकारी

राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर प्रशासन ने दी नई ऊर्जा की सौगात

दौड़ में शामिल प्रतिभागियों के साथ जिले के अधिकारी

लोहरदगा। राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में झारखंड@25 थीम के अंतर्गत आज लोहरदगा जिला प्रशासन की ओर से ‘रन फॉर झारखंड’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत समाहरणालय मैदान से हुई, जहां उपायुक्त डॉ. ताराचंद और उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया।

इस अवसर पर उपायुक्त, उप विकास आयुक्त, जिला खेल पदाधिकारी सहित कई अधिकारी स्वयं प्रतिभागियों के साथ दौड़ में शामिल हुए। सभी प्रतिभागियों में जोश और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

उपायुक्त डॉ. ताराचंद ने कहा कि दौड़ना न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि जीवन में ऊर्जा और अनुशासन भी लाता है। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे दौड़ को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। स्वस्थ शरीर और ऊर्जावान सोच से ही राज्य विकास के नए आयाम छू सकता है। उन्होंने बताया कि राज्य गठन दिवस (15 नवंबर) के अवसर पर 11 से 14 नवंबर तक झारखंड@25 थीम के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

‘रन फॉर झारखंड’ में प्रतिभागियों ने समाहरणालय मैदान से दौड़ की शुरुआत कर कचहरी चौक, पावरगंज चौक, बड़ा तालाब, मिशन चौक, बरवाटोली चौक होते हुए पुनः समाहरणालय मैदान तक दौड़ पूरी की।

दौड़ के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को जिला प्रशासन की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान जिलेभर से आए युवाओं, छात्र-छात्राओं और अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, जिला परिवहन पदाधिकारी जया संखी मुर्मू, खनन पदाधिकारी राजाराम प्रसाद, जिला खेल पदाधिकारी उपवन बाड़ा सहित अन्य विभागों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित रहे।