Orange hindi lohardaga live

स्वच्छता कार्यों में सुरक्षा और कचरा प्रबंधन पर सफाई मित्रों को मिला प्रशिक्षण

By Team orangehindi

General
स्वच्छता कार्यों में सुरक्षा और कचरा प्रबंधन पर सफाई मित्रों को मिला प्रशिक्षण

नगर परिषद लोहरदगा में आयोजित कार्यक्रम में सी टी यूस्थल, डंप साइट और अपशिष्ट से आय सृजन की संभावनाओं पर हुई चर्चा

लोहरदगा, 16 सितंबर। स्वच्छता ही सेवा–2026 अभियान के तहत नगर परिषद, लोहरदगा के सफाई मित्रों एवं जनप्रतिनिधियों के लिए बुधवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ लोकल सेल्फ गवर्नमेंट के माध्यम से आयोजित प्रशिक्षण में सफाई कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के उपयोग तथा ठोस अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन पर विस्तार से जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान सी टी यू के लिए उपयुक्त स्थल की पहचान, डंप साइट के चयन तथा कचरे के संग्रहण, पृथक्करण, प्रसंस्करण और उचित निस्तारण के संबंध में चर्चा की गई। इसके अलावा शहरी स्थानीय निकायों में अपशिष्ट से बायो सीएनजी उत्पादन और राजस्व सृजन की संभावनाओं पर भी जानकारी साझा की गई।

इस क्रम में जमशेदपुर और रांची नगर निकायों में अपशिष्ट से आय सृजन की दिशा में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया गया। वहीं, इंदौर नगर निगम के मॉडल पर चर्चा करते हुए अपशिष्ट से बायो सीएनजी उत्पादन के माध्यम से लगभग 12 लाख रुपये की आय अर्जित किए जाने की जानकारी दी गई। इस तरह के मॉडल को अन्य शहरी स्थानीय निकायों में अपनाने की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।

प्रशिक्षण में सफाई मित्रों को कार्यस्थल पर आवश्यक सावधानियां बरतने, सुरक्षा उपकरणों का इस्तेमाल करने और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

अध्यक्ष अनिल उरांव ने कहा कि सफाई मित्र नगर की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके लिए सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करना नगर परिषद की प्राथमिकता है। उन्होंने प्रशिक्षण में मिली जानकारी को दैनिक कार्यों में अपनाने का आह्वान किया। उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर ने भी सफाई मित्रों के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए सामूहिक प्रयास से स्वच्छ नगर निर्माण पर जोर दिया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कर्मियों और सफाई मित्रों ने लोहरदगा को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने तथा स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव, उपाध्यक्ष अब्दुल कादिर, सभी वार्ड पार्षद, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर प्रबंधक, नगर मिशन प्रबंधक सहित संबंधित पदाधिकारी, कर्मी एवं सफाई मित्र उपस्थित थे

और पढ़ें