संतोष लकड़ा के चार वर्षों के कार्यकाल को बताया उपलब्धियों भरा अध्याय
By Team orangehindi

केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के महामंत्री कुणाल वर्मा ने पूर्व अध्यक्ष के योगदान को सराहा, ग्रामीण क्षेत्रों के पूजा पंडालों को समिति से जोड़ने को बताया महत्वपूर्ण पहल
लोहरदगा। केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के पूर्व अध्यक्ष संतोष लकड़ा उर्फ इंद्रजीत लकड़ा के चार वर्षों के कार्यकाल को समिति के महामंत्री कुणाल वर्मा ने उपलब्धियों और सामाजिक समरसता का महत्वपूर्ण दौर बताया है। उन्होंने संतोष लकड़ा को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में समिति का विस्तार हुआ और पूजा आयोजन को व्यापक सामाजिक भागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया गया।
कुणाल वर्मा ने कहा कि नए मेला मैदान के लिए संतोष लकड़ा ने लगातार प्रयास किया। समाज के विभिन्न वर्गों के अभिभावकों के साथ समन्वय स्थापित कर मेला मैदान के स्थान परिवर्तन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने इसे उनके नेतृत्व और सामंजस्यपूर्ण कार्यशैली का परिणाम बताया।
महामंत्री ने कहा कि संतोष लकड़ा के कार्यकाल में केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति का दायरा शहरी क्षेत्र से आगे बढ़ा। जिले के सातों प्रखंडों के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थापित पूजा पंडालों को भी केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति से जोड़ने का प्रयास किया गया। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच धार्मिक एवं सामाजिक जुड़ाव को बढ़ावा मिला।
कुणाल वर्मा ने कहा कि संतोष लकड़ा के साथ काम करने के दौरान उन्हें संगठन और समाज को साथ लेकर चलने की कार्यशैली सीखने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि उनके अनुभव से मिली सीख का उपयोग सामाजिक एकता को मजबूत करने में किया जाएगा।
उन्होंने संतोष लकड़ा को सरना-सनातन एकता की मिसाल बताते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की परंपरा मजबूत हुई। उन्होंने विश्वास जताया कि आगे भी संतोष लकड़ा का मार्गदर्शन समिति को संरक्षक के रूप में मिलता रहेगा।