Orange hindi lohardaga live

नगर अध्यक्ष पद के लिए संतोष उरांव ने भरा नामांकन

By Team Lohardaga live

political
नामांकन दाखिल करने जाते कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार

आस्था, परंपरा और शक्ति प्रदर्शन के साथ कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी ने निकाला नामांकन जुलूस

लोहरदगा। नगर निकाय चुनाव को लेकर लोहरदगा में सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। लोहरदगा जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कांग्रेस पार्टी समर्थित उम्मीदवार संतोष उरांव ने मंगलवार को नगर अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।

नामांकन से पूर्व संतोष उरांव ने झखरा कुम्बा में पूजा-अर्चना की। इसके बाद गुदरी बाजार स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में दर्शन किए और हजरत बाबा दुखनशाह के मजार पर चादरपोशी कर चुनाव में सफलता के लिए दुआ मांगी। धार्मिक स्थलों पर आस्था प्रकट करने के बाद नामांकन जुलूस की शुरुआत की गई।

नामांकन जुलूस गाजे-बाजे के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए समाहरणालय पहुंचा, जहां संबंधित पदाधिकारी के समक्ष संतोष उरांव ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। जुलूस के दौरान समर्थकों में खासा उत्साह और जोश देखने को मिला। विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने नामांकन को शक्ति प्रदर्शन का रूप दे दिया।

नामांकन के अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, नगर कांग्रेस अध्यक्ष, वार्ड अध्यक्ष, प्रखंड एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, अल्पसंख्यक कांग्रेस, अनुसूचित जाति एवं अन्य प्रकोष्ठों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

इसके अलावा सेन्हा प्रखंड प्रमुख फुलझरी उरांव, जिला परिषद सदस्य संदीप कुमार भगत, विभिन्न सामाजिक संगठनों, आदिवासी छात्र संघ, कुशवाहा समाज, सरना समिति, ठाकुर समाज, प्रार्थना सभा, अंजुमन इस्लामिया समेत कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

नामांकन कार्यक्रम के दौरान समर्थकों ने संतोष उरांव को नगर अध्यक्ष बनाने का संकल्प लिया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ ने यह संकेत दिया कि चुनावी मुकाबले में कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ मैदान में उतर चुकी है।