लोहरदगा में पूजा पंडालों से रावण दहन स्थल तक सुरक्षा की पड़ताल, प्रशासन अलर्ट
By Team orangehindi




सीसीटीवी से शहर की निगरानी, भीड़ नियंत्रण से लेकर अग्नि सुरक्षा तक पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश
लोहरदगा। दुर्गा पूजा और रावण दहन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक न हो, इसे लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों की जमीनी पड़ताल तेज कर दी है। रविवार को उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी और अन्य वरीय पदाधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों तथा बक्सीडीपा स्थित रावण दहन स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, अग्निशमन, विद्युत व्यवस्था, पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने मैना बगीचा दुर्गा पूजा समिति, मां अंबे दुर्गा पूजा समिति बस पड़ाव, मां चंडी नवयुवक संघ मिशन चौक, नवयुवक संघ बीआईडी तथा जय मां दुर्गा पूजा समिति थाना परिसर के पंडालों का जायजा लिया। उन्होंने पूजा समितियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने, पर्याप्त स्वयंसेवकों की तैनाती और श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए महिला एवं पुरुषों की अलग-अलग कतारें बनाने का निर्देश दिया। भीड़ पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम से सूचनाएं प्रसारित करने को भी कहा गया।
अग्नि सुरक्षा और बिजली व्यवस्था पर विशेष जोर
पंडालों में अग्निशामक यंत्र, बालू भरी बाल्टियां और आपातकालीन संपर्क नंबर उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया। खुले एवं लटकते बिजली तारों को दुरुस्त करने और शॉर्ट सर्किट की आशंका दूर करने के लिए विद्युत विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। उपायुक्त ने प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग का पालन, पर्याप्त रोशनी, प्रशिक्षित तैराकों की तैनाती और गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया।
रावण दहन में सुरक्षित दूरी और व्यवस्थित पार्किंग
बक्सीडीपा स्थित रावण दहन स्थल पर उपायुक्त ने मंच निर्माण और पहुंच मार्ग की मरम्मत निर्धारित समय में पूरी करने को कहा। आयोजन स्थल के आसपास पार्किंग की व्यवस्था दुरुस्त करने तथा आतिशबाजी के दौरान दर्शकों की सुरक्षा के लिए निर्धारित दूरी पर दोहरी बैरिकेडिंग लगाने का निर्देश दिया गया। रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों की ऊंचाई सहित आयोजन से जुड़े सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।
मेला परिसर में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने तथा शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर निर्धारित प्रतिबंध का सख्ती से पालन कराने का निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिया गया।
कंट्रोल रूम से कैमरों के जरिए शहर पर नजर
समाहरणालय स्थित कंपोजिट कंट्रोल रूम के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने शहरी क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता और लाइव मॉनिटरिंग व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासन के अनुसार, निरीक्षण के समय सभी कैमरे क्रियाशील थे और उनके माध्यम से शहर की निरंतर निगरानी की जा रही थी।
उपायुक्त ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया। आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 7004400718 पर सूचना देने की अपील की गई।
निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक आईटीडीए सुषमा नीलम सोरेंग, अनुमंडल पदाधिकारी अमित कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा, डीएसपी समीर तिर्की, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शिव नंदन बड़ाईक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।