कुमार कुशाग्र का भारतीय वनडे टीम में चयन, झारखंड के क्रिकेट जगत में खुशी की लहर
By Team orangehindi

पूर्व रणजी खिलाड़ी एवं झारखंड अंडर-23 टीम के कोच आशीष गुप्ता ने दी बधाई, कहा- युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी यह उपलब्धि
लोहरदगा। झारखंड के प्रतिभाशाली विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र के भारतीय वनडे टीम में चयन पर राज्य के क्रिकेट जगत में खुशी का माहौल है। जमशेदपुर के रहने वाले कुशाग्र को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए झारखंड अंडर-23 टीम के कोच एवं राज्य के पूर्व रणजी खिलाड़ी आशीष गुप्ता ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
आशीष गुप्ता ने कहा कि कुमार कुशाग्र एक मेहनती, प्रतिभाशाली और तकनीकी रूप से दक्ष खिलाड़ी हैं। उनके साथ रणजी ट्रॉफी में खेल चुके गुप्ता ने कहा कि कुशाग्र की इस उपलब्धि से उन्हें व्यक्तिगत रूप से भी काफी खुशी हुई है। घरेलू क्रिकेट में लगातार मेहनत, अनुशासन और शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है।
उन्होंने कहा कि भारतीय टीम में चयन किसी भी खिलाड़ी के लिए बड़ी उपलब्धि होती है। कुशाग्र की सफलता उनके निरंतर प्रयास और प्रतिभा का परिणाम है। यह उपलब्धि न केवल झारखंड के लिए गर्व की बात है, बल्कि राज्य के उन युवा क्रिकेटरों के लिए भी प्रेरणा है, जो भारतीय टीम में खेलने का सपना देखते हैं।
आशीष गुप्ता ने विश्वास जताया कि कुमार कुशाग्र भारतीय टीम की जर्सी में भी अपने प्रदर्शन से छाप छोड़ेंगे और देश के साथ झारखंड का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कुशाग्र को आगे के क्रिकेट करियर के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनकी सफलता राज्य में क्रिकेट की नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।