जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़ा के तहत सेमिनार आयोजित
By Teem Lohardaga live

लोहरदगा। पीएम श्री राजकीयकृत मध्य विद्यालय नवाड़ी पाड़ा के सभागार में शुक्रवार को जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़ा के अंतर्गत भारतीय समाज में जनजातीय योगदान विषय पर एक सेमिनार का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड आंदोलनकारी एवं केंद्रीय सरना समिति के मुख्य संरक्षक मनी उरांव, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त शिक्षक रामकिशोर भगत उपस्थित थे। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरुण राम ने दोनों अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
सेमिनार को संबोधित करते हुए मनी उरांव ने कहा कि भारत में जनजातीय समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है। जनजातीय समाज सादगी, सत्य और परिश्रम की प्रतिमूर्ति है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज ने अपनी संस्कृति, परंपरा और कर्मशीलता के बल पर सदैव राष्ट्र की एकता और अखंडता को सुदृढ़ किया है। उन्होंने बताया कि जनजातीय समाज का इतिहास सिंधु घाटी सभ्यता से जुड़ा हुआ है, वहीं आज़ादी की पहली लड़ाई की शुरुआत झारखंड के वीर बुधु भगत ने की थी। उन्होंने युवाओं से अपने गौरवशाली अतीत से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि रामकिशोर भगत ने कहा कि जनजातीय समाज का योगदान भारतीय सभ्यता का अभिन्न अंग है। उन्होंने शिक्षा और संस्कृति को समाज के विकास की आधारशिला बताते हुए कहा कि नई पीढ़ी को परंपरा के संरक्षण के साथ आधुनिकता की ओर बढ़ने की आवश्यकता है।
प्रधानाध्यापक अरुण राम ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा और जीवनशैली ही भारतीयता की असली पहचान है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में अपने समाज और संस्कृति के प्रति गर्व और सम्मान की भावना विकसित होती है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने कुरुख जनजातीय भाषा में स्वागत गीत और प्रार्थना सभा प्रस्तुत की, साथ ही जनजातीय नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया।
सेमिनार में विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भी जनजातीय वीरों के योगदान पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षक राहुल कुमार ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन नेमहंती मिंज द्वारा प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर सुमित्रा टोप्पो, मनीष कुमार, नीलम कुमारी, संयोजिका यमुना देवी, सुमन देवी, पुष्पा देवी एवं सुनीता देवी सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
