Orange hindi lohardaga live

सेन्हा थाना प्रभारी ने सीठियो छठ घाट का किया निरीक्षण

By Team Lohardaga live

Culture
सीठियो छठ घाट का निरीक्षण करते सेन्हा थाना प्रभारी बारिश हुसैन व अन्य

लोहरदगा। सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर पूरे जिले में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल बनने लगा है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बुधवार को सेन्हा थाना प्रभारी वारिश हुसैन दल बल के साथ जिले के सबसे बड़े सीठियो छठ घाट का निरीक्षण कर छठ घाट की साफ-सफाई के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

छठ पूजा समिति के पदाधिकारियों के साथ मिलकर छठ घाट पर छठव्रतियों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े, इसे लेकर रूप रेखा तैयार की गई है। पुलिस कप्तान सादिक अनवर रिजवी के निर्देश पर सेन्हा थाना प्रभारी वारिश हुसैन ने थाना क्षेत्र के छठ घाटों का निरीक्षण कर छठ घाटों में विद्युत व्यवस्था, सड़क की व्यवस्था और जलस्तर का निरीक्षण किया, ताकि जिले में छठ महापर्व शांति और सौहार्द पूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

सेन्हा थाना प्रभारी वारिश हुसैन ने बताया कि छठ महापर्व आस्था और अनुशासन का पर्व है, और पुलिस प्रशासन इस मौके पर जनता की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तत्पर है। उन्होंने कहा कि छठ घाटों की सफाई और सुरक्षा व्यवस्था उनकी प्राथमिकता है। उनका प्रयास है कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और वे श्रद्धापूर्वक पर्व मना सकें।