Orange hindi lohardaga live

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर हेसवे में सेवा अभियान, 75 लोगों ने किया रक्तदान

By Team orange hindi

political
प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर हेसवे में सेवा अभियान, 75 लोगों ने किया रक्तदान

स्वास्थ्य शिविर में करीब 400 ग्रामीणों की जांच, भाजपा नेताओं ने ग्रामीण क्षेत्रों तक सेवा पहुंचाने का लिया संकल्प

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर हेसवे में सेवा अभियान, 75 लोगों ने किया रक्तदान

लोहरदगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को सेन्हा प्रखंड के हेसवे गांव में मेगा ब्लड डोनेशन कैंप और स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पूर्व विधान पार्षद प्रवीण सिंह के आवास परिसर में भाजपा युवा मोर्चा के तत्वावधान में हुआ।

शिविर का शुभारंभ पूर्व विधान पार्षद प्रवीण सिंह और भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अजातशत्रु ने स्वयं रक्तदान कर किया। शिविर में करीब 75 लोगों ने रक्तदान किया, जबकि लगभग 400 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद सुदर्शन भगत, नगर परिषद अध्यक्ष अनिल उरांव, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय पंकज, प्रदेश मंत्री मनीर उरांव, जिला प्रभारी अमित सिंह, युवा मोर्चा अध्यक्ष बाल्मीकि कुमार, सचिन कुमार सिंह और डॉ. मृत्युंजय कुमार सहित भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पूर्व सांसद सुदर्शन भगत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा की ओर से देशभर में विभिन्न सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेवा गतिविधियों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

पूर्व विधान पार्षद प्रवीण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए लंबे समय तक जनसेवा की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और गरीब परिवारों तक शौचालय समेत विभिन्न बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास किए गए हैं। अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक सेवा पहुंचाना भाजपा के मूल उद्देश्य का हिस्सा है, इसलिए ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

प्रदेश उपाध्यक्ष अजातशत्रु ने कहा कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति लोगों का भरोसा दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर लोगों से संवाद करेंगे और केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का काम जारी रखेंगे।

और पढ़ें