समाज सेवा के लिए शमसुल अंसारी को मिला 'बिरसा मुंडा रत्न 2026' सम्मान
By Team Lohardaga live

रांची में आयोजित समारोह में उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए हुए सम्मानित, विभिन्न राज्यों की प्रतिभाओं को भी मिला सम्मान
लोहरदगा। समाज सेवा और जनहित के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दफादार चौकीदार पंचायत शाखा, लोहरदगा के जिला अध्यक्ष शमसुल अंसारी को प्रतिष्ठित 'बिरसा मुंडा रत्न 2026' सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान रांची के रेडिसन ब्लू होटल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह के दौरान उन्हें प्रदान किया गया।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। इस दौरान झारखंड, छत्तीसगढ़ और ओडिशा से आए समाजसेवी, शिक्षाविद, चिकित्सक, साहित्यकार, कलाकार, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने कहा कि समाज के लिए समर्पित लोगों का सम्मान केवल उनकी उपलब्धियों का सम्मान नहीं, बल्कि दूसरों को भी सकारात्मक दिशा में कार्य करने की प्रेरणा देने का माध्यम है।
कार्यक्रम में रांची विधायक सी.पी. सिंह, जेएससीए अध्यक्ष अजय नाथ शहदेव, पद्मश्री मधु मंसूरी, वरिष्ठ अधिवक्ता सच्चिदानंद, रांची के उप विकास आयुक्त मुमताज़ अंसारी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
सम्मान प्राप्त करने के बाद शमसुल अंसारी ने आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज के प्रति और अधिक समर्पण, सेवा और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरे लोहरदगा जिले और उन सभी सहयोगियों की है, जिन्होंने सामाजिक कार्यों में उनका निरंतर साथ दिया।