रामलीला में श्रीराम-सीता विवाह का मंचन, भक्तिमय हुआ अग्रसेन भवन
By Team orangehindi

सीता स्वयंवर के प्रसंग ने जीता श्रद्धालुओं का दिल, श्रीराम के आदर्शों का दिया संदेश
लोहरदगा। केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति, लोहरदगा के तत्वावधान में अग्रसेन भवन में आयोजित रामलीला में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े प्रसंगों के मंचन ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। सीता स्वयंवर और श्रीराम-सीता विवाह के दृश्यों ने विशेष आकर्षण बटोरा। धार्मिक वातावरण के बीच परिसर जय श्रीराम के जयकारों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि रोहित प्रियदर्शी तथा विशिष्ट अतिथि विजय प्रजापति, ओम प्रकाश सिंह, अजात शत्रु, विनोद उरांव, सुखदेव गोप, नीतीश जायसवाल और गुप्तेश्वर गुप्ता समेत समिति के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। रामलीला की शुरुआत भगवान गणेश की वंदना और मां सरस्वती की आराधना से हुई। इसके बाद भगवान श्रीराम के जन्म, बाल लीलाओं, महर्षि विश्वामित्र के आगमन और ताड़का वध का मंचन किया गया।
सीता स्वयंवर और श्रीराम-सीता विवाह के प्रसंगों को कलाकारों ने प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
समिति के अध्यक्ष रमेश कुमार साहू ने कहा कि रामलीला भारतीय सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं को जीवंत रखने का सशक्त माध्यम है। भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग, कर्तव्य और आदर्शों की सीख देता है। रामलीला के जरिए इन मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
आयोजन की सफलता में सुनील अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष नितेश प्रजापति, महामंत्री कुणाल वर्मा, कोषाध्यक्ष बसंत साहू सहित सुमित राय, गोलू सिंह, राजीव रंजन, कपिल देव मिश्रा, कुलदीप कुमार, मिथलेश वर्मा, नीरज साहू, गौरव अग्रवाल, पीयूष अग्रवाल, निकुंज साहू, गुड्डू राय, निखिल गर्ग, कुशल मित्तल, अभय यादव, विक्की महतो, अमर प्रजापति और अन्य कार्यकर्ताओं की भूमिका रही।