बरही में मसना जमीन की घेराबंदी, अतिक्रमण पर 2 हजार का जुर्माना
By Team orangehindi

पूर्वजों की धरोहर बचाने को ग्रामीण एकजुट, गंदगी फैलाने पर भी दंड का प्रावधान
लोहरदगा। सात पड़हा झालजमरा के बरही गांव में पारंपरिक गैरही और मसना जमीन की सुरक्षा के लिए ग्रामीणों ने पहल की है। ग्राम प्रधान लोहरा उरांव की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद ग्रामीणों ने आपसी आर्थिक सहयोग से खूंटा, सीमेंट और कांटेदार तार लगाकर मसना जमीन की घेराबंदी की। स्थल पर चेतावनी बोर्ड भी लगाया गया है।
निर्धारित नियमों के अनुसार, जमीन पर अतिक्रमण करने या गंदगी फैलाने पर 2,000 रुपये नकद जुर्माना अथवा सामाजिक दंड का प्रावधान तय किया गया है। इस पहल का उद्देश्य पूर्वजों की धरोहर और पारंपरिक स्थलों को सुरक्षित रखना है।
जिला उप वेल बुद्धेश्वर उरांव ने कहा कि यह प्रयास समाज की एकजुटता और पूर्वजों की विरासत बचाने का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा पर ध्यान देने की अपील की। वहीं, वेल लक्ष्मी नारायण भगत ने सामाजिक नेतृत्व को मजबूत करने की जरूरत पर जोर देते हुए धर्मांतरण और जमीन से जुड़े मुद्दों पर अपनी चिंता व्यक्त की।
इस पहल में जिला उप कोटवार सुखदेव उरांव की भूमिका रही। बैठक में पहान सहरू उरांव, प्रधान शिवलाल उरांव, चटकपुर के प्रधान रामकेश्वर उरांव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।