झारखंड में बड़े बदलाव के संकेत : अरुण सिंह, बीजेपी महामंत्री
By Teem Lohardaga live

लोहरदगा में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में जिला भाजपा कमिटी द्वारा आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होकर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सह राज्यसभा सांसद अरुण सिंह ने झारखंड की सियासत को लेकर बड़ा संकेत दिया।
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व सांसद सुदर्शन भगत सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने अरुण सिंह का पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया।
अपने संबोधन में अरुण सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव में महागठबंधन द्वारा झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) को एक भी सीट न दिए जाने के मुद्दे को लेकर कहा कि इससे गठबंधन के भीतर की दरार साफ दिखाई देती है।
उन्होंने कहा कि महागठबंधन ने JMM को पूरी तरह किनारे कर दिया है। इतनी बड़ी बेइज्जती के बाद झारखंड में भी कुछ न कुछ जरूर होगा। कांग्रेस और JMM के बीच खटास काफी गहरी हो चुकी है, और उसका असर झारखंड की राजनीति में दिखेगा। यहां भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।
अरुण सिंह का यह बयान राज्य की आगामी राजनीतिक दिशा को लेकर कई तरह के कयासों को हवा दे रहा है। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के इस संकेत को झारखंड की राजनीति में संभावित बड़े फेरबदल के रूप में देखा जा रहा है।
