Orange hindi lohardaga live

व्यावसायिक शिक्षा के तहत स्किल कंपटीशन आयोजित

By Team Lohardaga live

Education
छात्राओं को सम्मानित करते अतिथिगण

जिले के विभिन्न प्लस टू विद्यालयों के विद्यार्थियों ने दिखाया अपना हुनर, डीईओ ने किया प्रेरित

लोहरदगा। लोहरदगा शिक्षा परियोजना के अंतर्गत बुधवार को सीएमएसओई नदिया प्लस टू उच्च विद्यालय में व्यावसायिक शिक्षा से संबंधित स्किल कंपटीशन का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न सरकारी प्लस टू विद्यालयों के विद्यार्थी और व्यावसायिक प्रशिक्षक शामिल हुए। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के कौशल विकास को प्रोत्साहित करना और उन्हें रोजगार के अवसरों के लिए तैयार करना था।

कार्यक्रम में विभिन्न व्यावसायिक विषयों से जुड़े प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। परिणामस्वरूप इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर विषय में नंदलाल प्लस टू उच्च विद्यालय, अर्रू सेन्हा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मीडिया एंड एंटरटेनमेंट, आईटी एंड आईटीईएस तथा टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी विषयों में प्लस टू चुन्नीलाल उच्च विद्यालय, लोहरदगा ने प्रथम स्थान हासिल किया। एग्रीकल्चर विषय में ब्रह्मांडीहा चट्टी ने, रिटेल और हेल्थ केयर विषयों में कस्तूरबा सीएमएसओई गर्ल्स हाई स्कूल, लोहरदगा ने, अपेरल और ऑटोमोटिव विषयों में प्रोजेक्ट प्लस टू हाई स्कूल, कुरु ने तथा ब्यूटी एंड वेलनेस विषय में गांधी मेमोरियल प्लस टू हाई स्कूल, मरडीह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा पदाधिकारी उपस्थित हुए। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को अपने कौशल को निरंतर निखारते रहने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि आज के समय में युवाओं को नौकरी खोजने वालों के बजाय नौकरी देने वालों की श्रेणी में आने की आवश्यकता है। उन्होंने व्यावसायिक शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह शिक्षा न केवल आत्मनिर्भरता की दिशा में कदम है, बल्कि समाज और देश की प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

स्किल कंपटीशन में निर्णायक मंडल के रूप में सदर अस्पताल के चिकित्सक, डीएससी अधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जी न्यूज के प्रवक्ता गौतम, अभिजीत मन्ना और सपना सिंह उपस्थित रहे।

प्लस टू चुन्नीलाल उच्च विद्यालय, लोहरदगा के तीनों व्यावसायिक विषयों में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर प्रभारी प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार ने सभी प्रशिक्षकों नाहिद नूर हसन (मीडिया एंड एंटरटेनमेंट), चंचल कुमारी (आईटी एंड आईटीईएस) और हनी मेहरा (टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी) सहित विद्यार्थियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थी अपने कौशल को और बेहतर बनाते हुए जीवन में सफलता प्राप्त करें और समाज के विकास में योगदान दें।