Orange hindi lohardaga live

सेव डेमोक्रेसी मार्च में गूंजा ‘वोट बचाओ’ का नारा, सुखदेव भगत भी रहे शामिल

By Team orangehindi

political
सेव डेमोक्रेसी मार्च में गूंजा ‘वोट बचाओ’ का नारा, सुखदेव भगत भी रहे शामिल

संसद से चुनाव आयोग मुख्यालय तक विपक्षी सांसदों का मार्च, CEC के इस्तीफे और SIR वापस लेने की मांग

नई दिल्ली। लोकतंत्र और मताधिकार के मुद्दे पर मंगलवार को INDIA गठबंधन के सांसदों ने संसद भवन के मकर द्वार से चुनाव आयोग मुख्यालय निर्वाचन सदन तक ‘सेव डेमोक्रेसी मार्च’ निकाला। मार्च में कांग्रेस समेत 19 विपक्षी दलों के सैकड़ों सांसद शामिल हुए। लोहरदगा सांसद सह छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत भी मार्च में शामिल रहे और मांगों के समर्थन में नारेबाजी की।

मार्च में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, सोनिया गांधी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी समेत विपक्षी दलों के प्रमुख नेता मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों की सुरक्षा की मांग उठाई।

मार्च के दौरान सुखदेव भगत ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि INDIA गठबंधन की प्रमुख मांगों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, SIR की प्रक्रिया को रद्द करना और चुनाव में बैलेट पेपर के इस्तेमाल की व्यवस्था बहाल करना शामिल है।

भगत ने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर आदिवासी, दलित और गरीब मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मताधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है और मतदाता सूची से नाम हटाने की प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, INDIA गठबंधन का आंदोलन जारी रहेगा। मार्च के दौरान विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयोग से मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर जवाब देने की मांग भी की।

और पढ़ें