कांग्रेस कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान पहली प्राथमिकता : सांसद सुखदेव भगत
By Team Lohardaga live

कैरो में चाय चौपाल के दौरान कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए सांसद
लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत कैरो प्रखंड में आयोजित चाय चौपाल कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से सांसद को अवगत कराया।
कार्यकर्ताओं ने पेयजल संकट, जर्जर सड़कों की स्थिति, नगजुआ स्टेशन पर रांची–सासाराम ट्रेन के ठहराव, मेमो ट्रेन में बोगी बढ़ाने तथा रेलवे की जमीन पर स्थित आकाशी नरौली ग्रेड वन पथ के कालीकरण जैसी मांगें रखीं और इनके शीघ्र समाधान की अपील की।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि पार्टी की असली ताकत कार्यकर्ता होते हैं और उनके द्वारा उठाई गई समस्याओं का समाधान करना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि 20 जनवरी को दक्षिण पूर्व रेलवे जोन की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें कार्यकर्ताओं द्वारा बताई गई रेलवे से संबंधित समस्याओं को रखा जाएगा।
सांसद ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी सरकार ने मनरेगा कानून को कमजोर कर मजदूरों से रोजगार छीनने का काम किया है। साथ ही महात्मा गांधी के नाम को मिटाने का षड्यंत्र रचा जा रहा है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 5 जनवरी से पूरे देश में मनरेगा बचाव संगम कार्यक्रम शुरू किया है, जिसमें सभी कार्यकर्ताओं को पूरी सक्रियता के साथ भाग लेना चाहिए। कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी बढ़ गई है और उन्हें गांव-गांव जाकर जनता की समस्याओं के समाधान की पहल करनी होगी।
मौके पर इंटक अध्यक्ष आलोक कुमार साहू, सांसद प्रतिनिधि समीद अंसारी, महताब आलम, शरद कुमार विद्यार्थी, जोरावर खान, मुस्लिम अंसारी, लक्षू उरांव, नारायण उरांव, जियाउल अंसारी, जुबेर अंसारी, प्रकाश उरांव, भोला उरांव, सुनील उरांव सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
