Orange hindi lohardaga live

जिला में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य प्रारंभ, सभी का सहयोग जरूरी : संदीप कुमार मीणा

By Team Lohardaga live

Administrative
A

उपायुक्त ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी कई महत्वपूर्ण जानकारी

लोहरदगा। भारत निर्वाचन आयोग के निदेशानुसार लोहरदगा जिला में विशेष सघन पुनरीक्षण के सफल संचालन को लेकर बुधवार को उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार मीना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कई महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उपायुक्त ने बताया कि एसआइआर कार्य को सफलता पूर्वक संपन्न कराने एवं अनुश्रवण के लिए पेशरार, किस्को, कुडू, सदर प्रखण्ड व नगर परिषद क्षेत्र में जिला स्तर से पदाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की गयी है। बीएलओ के सहयोग के लिए वॉलेंटियर्स की भी प्रतिनियुक्ति की गयी है। वहीं प्रत्येक प्रखण्ड व नगर क्षेत्र में एईआरओ हैं। जिला स्तर पर अनुमण्डल पदाधिकारीस-सह-इआरओ , उप निर्वाचन पदाधिकारी और पीडी आइटीडीए द्वारा भी अनुश्रवण किया जा रहा है।

गणना पत्र का वितरण, संग्रहण व डिजिटाइजेशन

उपायुक्त ने बताया कि जिला में विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य प्रारंभ हो गया है। इसमें 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बीएलओ जिला के प्रत्येक मतदाता के घर-घर जाकर गणना पत्र का वितरण करेंगे। मतदाता को गणना पत्र की दो प्रतियां दी जाएंगी जिसमें दोनों प्रपत्रों को उसे भरना होगा। एक प्रति में मतदाता हस्ताक्षर कर बीएलओ को वापस करेंगे। वहीं दूसरी प्रति में बीएलओ हस्ताक्षर कर मतदाता को पावती के रूप में वह प्रति वापस करेगे। बीएलओ द्वारा उस प्रति को बीएलओ एप के माध्यम से डिजिटाइज किया जाएगा। जिन मतदाताओं द्वारा गणना पत्र को भरने के पश्चात् हस्ताक्षर कर वापस किया जाएगा उन्हीं का नाम प्रारूप मतदाता सूची में रहेगा। प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 5 अगस्त को होगा। गणना प्रपत्र भरकर जमा करने व हस्ताक्षर कर वापस देने का कार्य संबंधित मतदाता के परिवार के वयस्क सदस्य द्वारा भी किया जा सकता है। जो मतदाता जिला में नहीं हैं वे अपने बीएलओ से संपर्क कर या भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल के माध्यम से भी गणना प्रपत्र जमा कर सकते हैं।

छूटे हुए मतदाताओं की भी होगी मैपिंग

जो मतदाता अभी तक अपनी मैपिंग नहीं करा सके हैं उनकी भी मैंपिंग 30 जून से 29 जुलाई 2026 के दौरान हो सकेगी। इसके लिए वे अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।

नये मतदाता भी जुड़ सकेंगे

जिनकी उम्र 1 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही हो या हो चुकी हो वे बीएलओ से फार्म-6 प्राप्त कर एक घोषणा पत्र के साथ भरकर बीएलओ के पास जमा करेंगे। इस प्रकार 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन में उनका नाम शामिल हो सकेगा।

एसआइआर में आमजनों से सहयोग की अपील

जिला प्रशासन की ओर से आमजनों से अपील है कि 30 जून से प्रारंभ हुए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य में जिला प्रशासन का सहयोग करें। जब बीएलओ आपके घर जाएं तो उन्हें पूर्ण सहयोग करें और गणना प्रपत्र को भरकर और हस्ताक्षर कर वापस करें ताकि आप और आपके परिवार के सदस्य का नाम अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन में शामिल हो सके।