लोहरदगा में निकोटिन युक्त पान मसाला के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान
By Team Lohardaga live

कई दुकानों से पान मसाला, माउथ फ्रेशनर, बेसन, चॉकलेट व खाद्य सामग्री के नमूने संग्रहित
लोहरदगा। स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के निर्देश तथा उपायुक्त लोहरदगा के आदेश पर बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा जिले में निकोटिन एवं तम्बाकू युक्त पान मसाला के खिलाफ विशेष सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मोईन अख्तर ने किया।
जांच के दौरान शहर के विभिन्न किराना दुकानों, थोक एवं खुदरा व्यापारियों, जनरल स्टोरों तथा एजेंसियों का निरीक्षण किया गया। इस क्रम में मेसर्स प्रिंस स्टोर से सिगनेचर पान मसाला एवं विमल पान मसाला, मेसर्स सजु स्टोर से कमला पसंद पान मसाला तथा अन्य प्रतिष्ठानों से चुटकी फुल फन माउथ फ्रेशनर के वैधानिक नमूने संग्रहित किए गए। इन नमूनों को निकोटिन की उपस्थिति की जांच हेतु एफएसएसएआई द्वारा संचालित राष्ट्रीय खाद्य प्रयोगशाला कोलकाता भेजा जा रहा है।
इसके अलावा न्यू रोड स्थित मेसर्स पतंजलि आरोग्य केन्द्र से बेसन, मिशन चौक स्थित मेसर्स राजेश कुमार अग्रवाल किराना दुकान से चॉकलेट एवं दलिया तथा मेसर्स प्रिशा ट्रेडर्स से फूड कलर एवं मिक्स अचार के नमूने लिए गए। इन सभी नमूनों को जांच के लिए नामकुम, रांची स्थित राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान दुकानों की साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, पैकेजिंग एवं एक्सपायरी तिथि की भी जांच की। कई दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी गई।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी मोईन अख्तर ने कहा कि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा इस प्रकार का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
छापेमारी अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक कर्मी रजनीश कुमार भी मौजूद थे।
