गांधी जयंती पर विशेष रिपोर्ट: सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलता राष्ट्र
By Team Lohardaga Live

लोहरदगा। आज देशभर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 156वीं जयंती श्रद्धा, सादगी और संकल्प के साथ मनाई गई। लोहरदगा जिले में भी यह दिन पूरी गरिमा और श्रद्धा के साथ मनाया गया।
लोहरदगा जिले के गुदरी बाजार स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर आज सुबह श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के उपायुक्त डॉ. कुमार ताराचंद, डीडीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, और एसडीओ अमित कुमार सहित जिले के वरीय प्रशासनिक अधिकारियों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया।
इस दौरान अधिकारियों ने गांधीजी के जीवन दर्शन और उनके सिद्धांतों को याद करते हुए समाज में अहिंसा, स्वच्छता और सच्चाई के महत्व को दोहराया। उपायुक्त ने कहा कि गांधीजी केवल एक नेता नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं। हमें उनके दिखाए रास्ते पर चलकर समाज को न्यायपूर्ण और समावेशी बनाना होगा।
जिले के विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक संगठनों ने भी कार्यक्रम आयोजित कर गांधीजी को श्रद्धांजलि दी। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने बापू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके विचारों के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
आज का दिन केवल अतीत को स्मरण करने का नहीं, बल्कि भविष्य के लिए एक दिशा चुनने का है। गांधी जयंती के इस अवसर पर जब देश अपने सामाजिक, नैतिक और पर्यावरणीय मूल्यों की कसौटी पर खड़ा है, तब ज़रूरत है कि हम उनके आदर्शों को केवल एक दिन नहीं, बल्कि हर दिन जीवन में अपनाएं।
Orangehindi
