Orange hindi lohardaga live

रोपवे के खंभे से टकराई तेज रफ्तार बाइक, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर

By Team Lohardaga live

Accident
रोपवे के खंभे से टकराई तेज रफ्तार बाइक, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर

लोहरदगा–पेशरार मार्ग पर देर रात हादसा, रिम्स में इलाज के दौरान मनीष उरांव ने तोड़ा दम

लोहरदगा। लोहरदगा–पेशरार मुख्य सड़क पर बगड़ू के समीप बुधवार की देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार केटीएम आरसी-125 बाइक अनियंत्रित होकर हिंडाल्को के बॉक्साइट ट्रॉली संचालन के लिए लगाए गए रोपवे के खंभे से टकरा गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों युवक उछलकर रोपवे के खंभे से जा टकराए। हादसे में घायल युवकों की पहचान मनीष उरांव, निवासी बड़चोरगाई (खम्हन) और रोशन उरांव, निवासी भक्सो, लोहरदगा के रूप में हुई।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को सदर अस्पताल लोहरदगा पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद मनीष उरांव की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं रोशन उरांव का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लोहरदगा–पेशरार मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने, रोपवे खंभों के पास पर्याप्त चेतावनी संकेत, रिफ्लेक्टर और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

और पढ़ें