Orange hindi lohardaga live

खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का माध्यम : सुखैर भगत

By Team orangehindi

Sport
खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का माध्यम : सुखैर भगत

चंदलासो पतराटोली में पांच दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का समापन

कुडू। प्रखंड के चंदलासो पतराटोली गांव में नवयुवक संघ कोकर पतराटोली के तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का बुधवार को समापन हुआ। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखैर भगत शामिल हुए।

समारोह को संबोधित करते हुए सुखैर भगत ने कहा कि फुटबॉल ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में प्रतिभा निखारने के साथ अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। खेल के जरिए युवा प्रखंड से लेकर जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन कर सकते हैं।

उन्होंने आयोजन समिति को सफल प्रतियोगिता के लिए बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण इलाकों में खेल गतिविधियों को लगातार प्रोत्साहन मिलना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे के साथ आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को भी मजबूत करते हैं।

समापन समारोह में प्रदेश प्रतिनिधि नेसार अहमद, जिला महासचिव सलीम अंसारी, जिला सोशल मीडिया प्रभारी प्रकाश उरांव, प्रखंड अध्यक्ष तनवीर गौहर, कमरुल इस्लाम, अब्बू रेहान, मो. इकबाल, छुनकी, पूर्वी क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य, स्थानीय मुखिया, पंचायत समिति सदस्य समेत आयोजन समिति के पदाधिकारी, खिलाड़ी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

और पढ़ें