लोहरदगा में राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता सम्पन्न, नन्हे खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। जिला बैडमिंटन एसोसिएशन लोहरदगा के तत्वावधान में राज्य स्तरीय बालक एवं बालिका वर्ग के अंडर-11 और अंडर-13 सिंगल्स एवं डबल्स बैडमिंटन टूर्नामेंट सह चयन प्रतियोगिता का आयोजन एम.एल.ए. महिला महाविद्यालय के इंडोर कोर्ट में किया गया।
प्रतियोगिता का समापन पुरस्कार वितरण समारोह के साथ हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस राज्य स्तरीय आयोजन में रोमांचक मैच देखने को मिले। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन से बच्चों में प्रतिस्पर्धा और खेल भावना का विकास होता है। खेल में लक्ष्य बनाना आवश्यक है, इसके बिना सफलता नहीं मिल सकती। उन्होंने बच्चों को संदेश दिया कि वे अपना लक्ष्य तय करें और लगातार मेहनत करें, सफलता अवश्य मिलेगी। मुख्य अतिथि ने यह भी कहा कि जिला बैडमिंटन एसोसिएशन का प्रयास हमेशा खेल को बढ़ावा देने का रहा है। उनके ही मार्गदर्शन में उन्होंने स्वयं बैडमिंटन खेलना सीखा और प्रशासनिक संवर्ग में राज्य स्तर पर रनर रहे।
आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. गणेश प्रसाद ने कहा कि यह उम्र सीखने की है और खिलाड़ियों को इस अवसर का भरपूर लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर सफल प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे और जिले का नाम रोशन करेंगे। इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी उपवन बड़ा, सचिव मुरारी गोस्वामी, कोषाध्यक्ष नसीम अख्तर, सह सचिव रंजीत कुमार साहू, सदस्य अरुण राम, दुबराज यादव, गणेश पांडे समेत बड़ी संख्या में खेलप्रेमी, अभिभावक और गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
प्रतियोगिता के सफल संचालन में रेफरी वसीम अकरम, अंपायर वाहिद अंसारी, रंजीत कुमार साहू, सचिव मुरारी गोस्वामी और कोषाध्यक्ष नसीम अख्तर की भूमिका सराहनीय रही। टूर्नामेंट के दूसरे दिन बालिका सिंगल्स अंडर-11 वर्ग में नंदिता गोप (धनबाद) ने विजेता का खिताब जीता, जबकि उपविजेता ज्योति सरकार (धनबाद) रहीं। बालिका डबल्स अंडर-13 वर्ग में रांची की आशिता टोप्पो और नम्रता टोप्पो विजेता रहीं, जबकि दुमका की प्रतिष्ठा कुमारी और वर्तिका राज उपविजेता बनीं। वहीं बालक डबल्स अंडर-13 वर्ग में गोड्डा के मनप्रीत प्रजापति और प्रिंस कुमार विजेता रहे, जबकि गिरिडीह के डी. राजवीर और वैभव कृष्ण उपविजेता घोषित किए गए। समारोह के अंत में विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाणपत्र प्रदान किए गए तथा खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएँ दी।
