राज्य स्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट का हुआ शुभारंभ
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। जिले के शहरी क्षेत्र में स्थित एमएलए महिला महाविद्यालय के इंडोर कोर्ट में राज्य स्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट का शुभारंभ किया गया। जिला बैडमिंटन एसोसिएशन लोहरदगा के तत्वावधान में आयोजित इस टूर्नामेंट में झारखंड के विभिन्न जिलों से बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप विकास आयुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि खेल में भी करियर बनाया जा सकता है। उन्होंने खिलाड़ियों से लक्ष्य निर्धारित कर उसे हासिल करने की बात कही।
पूर्व एमएलसी प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन से जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलता है। उन्होंने खिलाड़ियों से हार नहीं मानने और मेहनत करने का आह्वान किया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. गणेश प्रसाद ने बताया कि लोहरदगा जिला में बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन विगत 25 वर्षों से लगातार किया जा रहा है, जिसके परिणामस्वरूप लोहरदगा जिला के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपना लोहा मनवाया है। राज्य स्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट सह चयन प्रतियोगिता में अंडर-11 और अंडर-13 वर्ग में बालक एवं बालिका सिंगल्स और डबल्स मुकाबले हो रहे हैं। जिसमें झारखंड के विभिन्न जिलों से खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है। उन्होंने बताया कि तीन दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता के बाद राज्य स्तरीय टीम का चयन किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला खेल पदाधिकारी उपवन बड़ा, सचिव मुरारी गोस्वामी, कोषाध्यक्ष नसीम अख्तर, सह सचिव रंजीत कुमार साहू, प्राचार्य प्रोफेसर स्नेह कुमार, सदस्य अरुण राम, दुबराज यादव, गणेश पांडे सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
