झारखंड में डॉक्टरों का राज्यव्यापी आंदोलन 21 अक्टूबर को, 13 से 20 अक्टूबर तक ब्लैक बैज लगाकर करेंगे काम
By Team orangehindi

चिकित्सकों की सुरक्षा, समयबद्ध पदोन्नति और मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट की मांग को लेकर 10 चिकित्सा संगठन एक मंच पर
लोहरदगा। झारखंड में चिकित्सकों की सुरक्षा, सेवा शर्तों में सुधार और स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने की मांग को लेकर राज्य के 10 प्रमुख चिकित्सा संगठन संयुक्त रूप से आंदोलन कर रहे हैं। ज्वाइंट मेडिकल मूवमेंट के बैनर तले चल रहे इस अभियान के तहत 13 से 20 अक्टूबर तक चिकित्सक काला बैज लगाकर काम करेंगे। इसके बाद 21 अक्टूबर को राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलन के दौरान मरीजों के लिए आपातकालीन और जीवनरक्षक चिकित्सा सेवाएं जारी रखने की बात कही गई है।
आंदोलन में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) झारखंड, झारखंड स्टेट हेल्थ सर्विसेज एसोसिएशन, जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन, जूनियर डॉक्टर्स नेटवर्क, फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन सहित 10 चिकित्सा संगठन शामिल हैं।
चिकित्सकों की प्रमुख मांगों में समयबद्ध वित्तीय उन्नयन, क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट में संशोधन, मेडिकल प्रोटेक्शन एक्ट लागू करना, वेतन का समय पर भुगतान तथा अवकाश एवं अन्य सुविधाओं का लाभ शामिल है। इसके अलावा मेडिकल छात्रों के वजीफे का समय पर भुगतान और चिकित्सकों के लिए बेहतर सेवा शर्तों की मांग भी उठाई गई है।
आंदोलन के तहत राज्य और जिला स्तर पर संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर उपायुक्त को मांगपत्र सौंपने की योजना है। संगठनों का कहना है कि लगातार प्रयासों के बावजूद मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन का निर्णय लिया गया है।
चिकित्सा संगठनों के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य केवल डॉक्टरों की समस्याओं का समाधान कराना नहीं, बल्कि मरीजों को सुरक्षित, सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करना भी है।