क्षत्रिय महासभा की बैठक में महाराणा प्रताप भवन निर्माण को लेकर बनी रणनीति
By Team orangehindi
महिला सम्मेलन की सफलता पर जताया आभार, भूमि पर शीघ्र बाउंड्री वॉल निर्माण का निर्णय
लोहरदगा। लोहरदगा क्षत्रिय महासभा की कोर कमेटी की बैठक बुधवार की शाम अध्यक्ष उदय शेखर के आवास पर हुई। बैठक में 20 सितंबर को टर्निंग टास्क विद्यालय के सभागार में आयोजित क्षत्रिय महिला सम्मेलन की सफलता की समीक्षा की गई। सम्मेलन में गांव-गांव से शामिल हुई महिलाओं के प्रति महासभा की ओर से आभार जताया गया।
बैठक में सदस्यों ने कहा कि महिला सम्मेलन में महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी और उनके विचारों ने समाज की महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने का काम किया। महिलाओं ने भविष्य में आयोजित होने वाली बैठकों में भी सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। साथ ही महासभा के पदाधिकारियों से समाजहित में आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का आग्रह किया।
बैठक में समाज के लिए खरीदी गई भूमि पर जल्द बाउंड्री वॉल निर्माण कराने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा भवन का नक्शा स्वीकृत कराकर महाराणा प्रताप भवन के निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू करने पर सहमति बनी। पदाधिकारियों ने कहा कि निर्माण कार्य को आगे बढ़ाने के लिए समाज के सदस्यों के आर्थिक सहयोग की आवश्यकता है। जिन लोगों ने सहयोग का आश्वासन दिया है, उनसे निर्धारित राशि कोषाध्यक्ष के पास जमा करने की अपील की गई।
बैठक में पूर्व एमएलसी प्रवीण कुमार सिंह, ट्रस्टी अध्यक्ष उदय शेखर, साध्यक्ष कन्हैया सिंह, महासचिव जयंत कुमार सिंह सहित महासभा के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद थे।