लोहरदगा में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई, 70 किलो प्लास्टिक जब्त
By Team Lohardaga live

नगर परिषद क्षेत्र में छापेमारी, 31 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया
लोहरदगा। जिले में सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रतिबंध को लेकर प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। सोमवार को नगर परिषद, लोहरदगा द्वारा गठित विशेष जांच दल ने शहर के विभिन्न इलाकों में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान निकाय क्षेत्र अंतर्गत मैना बगीचा, पतराटोली चौक एवं बड़ा तालाब क्षेत्र में दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
छापेमारी के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करते हुए कई दुकानदार पकड़े गए। कार्रवाई में लगभग 70 किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त किया गया। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों से कुल 31,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
नगर परिषद प्रशासन ने सभी निकाय क्षेत्रवासियों और व्यापारियों से अपील की है कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध है, इसलिए इसका प्रयोग, खरीद-बिक्री अथवा भंडारण न करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा तथा पकड़े जाने पर जब्ती के साथ-साथ जुर्माने की राशि और बढ़ाई जाएगा।
