नवडीहा चौक पर परिवहन विभाग की सख्ती, दर्जनों वाहनों के कटे चालान
By Team orangehindi

बिना हेलमेट, अधूरे कागजात और ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई; जांच से वाहन चालकों में मचा हड़कंप
भंडरा (लोहरदगा)। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर जिला परिवहन विभाग ने गुरुवार को नवडीहा चौक पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। जिला परिवहन पदाधिकारी जया संखि मुर्मू के नेतृत्व में चले अभियान में दोपहिया, चारपहिया, मालवाहक और यात्री वाहनों की जांच की गई।
जांच के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, प्रदूषण प्रमाण पत्र और बीमा के दस्तावेज नहीं रखने वाले वाहनों के साथ-साथ ओवरलोड वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले दर्जनों वाहनों के चालान काटे गए।
डीटीओ जया संखि मुर्मू ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है। हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चालकों एवं यात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।
अचानक शुरू हुए जांच अभियान से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। कुछ वाहन चालक जांच स्थल से पहले ही अपने वाहनों को दूसरी ओर मोड़ते नजर आए। अभियान के दौरान परिवहन विभाग के अमतेश्वर गिरी, कृष्ण कुमार गुप्ता, प्रमोद कुमार पंडा, रबिन्द्र चौधरी सहित पुलिस जवान मौजूद रहे।