लोहरदगा में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती, गड्ढों की मरम्मत से लेकर भारी वाहनों पर निगरानी के निर्देश
By Team orangehindi

सांसद सुखदेव भगत ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपाय बढ़ाने पर दिया जोर, नाबालिगों के वाहन चलाने पर अभिभावकों की होगी काउंसलिंग
लोहरदगा। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन अब संबंधित विभागों के साथ मिलकर आवश्यक कदम उठाएगा। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को मजबूत करने, जर्जर सड़कों की मरम्मत, भारी वाहनों पर निगरानी और यातायात नियमों के पालन को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। सांसद सुखदेव भगत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विभिन्न विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
बैठक में हिट एंड रन के मामलों की समीक्षा करते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी को संबंधित थानों से प्राथमिकी और अंचल कार्यालयों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई करने को कहा गया।
सड़कों पर दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए चीरी में सड़क किनारे झाड़ियों और पेड़ों की झुकी डालियों की छंटाई, पेड़ों पर रेडियम स्ट्रिप लगाने तथा भंडरा पथ समेत दुर्घटना संभावित स्थानों पर रंबल स्ट्रिप बनाने का निर्देश दिया गया। हेसल डंपिंग यार्ड, शंख मोड़, पतराटोली और बक्सीडीपा में सड़क के गड्ढों की मरम्मत कराने को भी कहा गया। नगर क्षेत्र की जर्जर सड़कों को दुरुस्त करने और हिंडाल्को को मुख्य पथ से अपने पहुंच पथ की स्थिति बेहतर बनाने का निर्देश दिया गया।
विद्यालयों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के स्कूटी या मोटरसाइकिल से स्कूल आने पर संबंधित बच्चों और अभिभावकों की काउंसलिंग कराने को कहा गया।
सांसद ने भारी वाहनों से होने वाली दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने पर जोर दिया। उन्होंने बॉक्साइट ढोने वाले ट्रकों के पीछे रिफ्लेक्टर लगाने और खनिज का परिवहन तिरपाल से ढंककर करने का निर्देश दिया। भारी वाहन से दुर्घटना में मृत्यु होने पर चालक के ड्राइविंग लाइसेंस के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करने को भी कहा गया।
वहीं, बक्सीडीपा मेले के दौरान अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश उत्पाद विभाग को दिया गया।
बैठक में उपायुक्त संदीप कुमार मीना, पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी, उप विकास आयुक्त राज महेश्वरम, जिला परिवहन पदाधिकारी जया सांखी मुर्मू समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित थे।