Orange hindi lohardaga live

भुगतान के आश्वासन पर टूटी हड़ताल, लोहरदगा में फिर शुरू हुई जलापूर्ति

By Team orangehindi

General

दुर्गापूजा से पहले शहरवासियों को राहत, नगर परिषद के भरोसे पर काम पर लौटे संवेदक और कर्मी

लोहरदगा। लंबित भुगतान को लेकर दो दिनों से जारी जलापूर्ति कार्य से जुड़े संवेदक और कर्मियों की हड़ताल समाप्त होने के बाद बुधवार से शहर में पेयजल आपूर्ति बहाल हो गई। जलापूर्ति शुरू होने से शहरवासियों ने राहत की सांस ली है। दुर्गापूजा के दौरान पानी की किल्लत की आशंका भी फिलहाल टल गई है।

गौरतलब है कि भुगतान लंबित रहने के कारण संवेदक और कर्मी सोमवार से हड़ताल पर चले गए थे। इससे शहरी क्षेत्र में पेयजल संकट गहराने की आशंका बढ़ गई थी। त्योहार के दौरान जलापूर्ति बाधित रहने से लोगों की परेशानी बढ़ सकती थी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मंगलवार शाम नगर परिषद अध्यक्ष और नगर प्रशासक ने संवेदक एवं कर्मियों के साथ बैठक की। बैठक में लंबित भुगतान जल्द किए जाने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद संवेदक और कर्मियों ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया और बुधवार से जलापूर्ति का काम शुरू कर दिया।

जलापूर्ति बहाल होने से शहरवासियों को तत्काल राहत मिली है। हालांकि, अब सबकी नजर लंबित भुगतान के समाधान और त्योहार के दौरान नियमित जलापूर्ति पर टिकी है।

और पढ़ें