राहुल गांधी और हेमंत सोरेन के नेतृत्व में छात्रों को मिला न्याय : सांसद सुखदेव भगत
By Team orange hindi

परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों के बाद जेएसएससी-सीजीएल समेत टीडीपीएल से जुड़ी परीक्षाएं रद्द करने के फैसले का किया स्वागत
लोहरदगा। परीक्षा में कथित अनियमितता को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के पक्ष में राज्य सरकार द्वारा लिए गए फैसले का लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत ने स्वागत किया है। उन्होंने जेएसएससी-सीजीएल समेत टीडीपीएल एजेंसी से जुड़ी परीक्षाओं को रद्द किए जाने के निर्णय को छात्रों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले लाखों छात्र लंबे समय तक मेहनत और उम्मीद के साथ तैयारी करते हैं। ऐसे में परीक्षा प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी या अनियमितता सामने आने से छात्रों के भविष्य पर सीधा असर पड़ता है। उन्होंने कहा कि छात्रों की मेहनत और उनके भविष्य के साथ किसी भी स्थिति में समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने राज्य सरकार के फैसले के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार जताया। सांसद ने कहा कि सरकार ने छात्रों की चिंता और उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए फैसला लिया है। उनके अनुसार, आंदोलनरत छात्रों के हित में लिया गया यह निर्णय उन्हें निष्पक्ष अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
सांसद ने कहा कि राहुल गांधी लगातार युवाओं के अधिकार, रोजगार और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों को उठाते रहे हैं। युवाओं को निष्पक्ष अवसर मिलना जरूरी है और किसी भी प्रतियोगी परीक्षा की प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखना सरकार एवं संबंधित परीक्षा एजेंसियों की जिम्मेदारी है।
सुखदेव भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में लिया गया यह फैसला राज्य के युवाओं के प्रति सरकार की गंभीरता को दर्शाता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में आयोजित होने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि परीक्षा रद्द करने का फैसला केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं है, बल्कि छात्रों के विश्वास और उनकी मेहनत के सम्मान से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि जिन छात्रों ने प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए लंबे समय तक तैयारी की है, उन्हें निष्पक्ष माहौल और समान अवसर मिलना चाहिए। सांसद ने कहा कि युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए हर स्तर पर जवाबदेही और पारदर्शिता जरूरी है।