Orange hindi lohardaga live

लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करें विद्यार्थी : डॉ. रामेश्वर उराँव

By Team Lohardaga live

political
कार्यक्रम का शुभारंभ करते विधायक व अन्य

विशेष अभिभावक–शिक्षक बैठक में शामिल हुए विधायक

कुडू/लोहरदगा।

पूर्व मंत्री सह स्थानीय विधायक एवं आंतरिक संसाधन एवं केंद्रीय सहायता समिति के सभापति डॉ. रामेश्वर उराँव मंगलवार को लोहरदगा जिला अंतर्गत कूडू प्रखंड के प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय, कुडू तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कुडू में आयोजित विशेष अभिभावक–शिक्षक बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. उराँव ने कहा कि यह बैठक केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। शिक्षा का दायित्व केवल विद्यालय या शिक्षक का नहीं, बल्कि अभिभावक और शिक्षक दोनों की संयुक्त जिम्मेदारी है। जब घर और स्कूल मिलकर बच्चों का मार्गदर्शन करते हैं, तभी उनका सर्वांगीण विकास संभव हो पाता है।

उन्होंने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं। पढ़ाई के साथ-साथ अनुशासन, मेहनत और ईमानदारी को जीवन का मंत्र बनाना चाहिए। माता-पिता और शिक्षकों की बातों को ध्यान से सुनते हुए अपने लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ना ही सफलता की कुंजी है।

डॉ. उराँव ने कहा कि बच्चे लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करें, मोबाइल की अपेक्षा पुस्तकों पर अधिक ध्यान दें तथा अतिरिक्त पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। साथ ही वैज्ञानिक दृष्टिकोण (साइंटिफिक टेम्परामेंट) विकसित कर शिक्षा के माध्यम से अंधविश्वास से दूर रहने की अपील की। उन्होंने विद्यालयों में नामांकन में हो रही निरंतर वृद्धि को हर्ष का विषय बताया।

कार्यक्रम के दौरान अच्छी उपस्थिति दर्ज कराने वाली छात्राओं एवं अभिभावकों को सम्मानित भी किया गया, जिससे बच्चों और अभिभावकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि निशीथ जायसवाल, एसी जितेंद्र मुंडा, जिला शिक्षा पदाधिकारी सुनंदा दास, बीडीओ संतोष उराँव, प्रधानाध्यापिका संगीता कुमारी, रीता देवी, मुखिया राजमणी देवी, विशाल डुंगडुंग, तनवीर गौहर, एनुल अंसारी, कुमार अभिषेक, सिराजुल अंसारी, संजू तुरी, सज्जाद अंसारी, मोहम्मद इक़बाल, कमरुल इस्लाम, तलहा अंसारी, अबू रेहान सहित अन्य लोग उपस्थित थे।