छत्तीसगढ़ प्रभारी बनकर पहली बार झारखंड पहुंचे सुखदेव भगत, रांची एयरपोर्ट पर जोरदार स्वागत
By Team orangehindi

सांसद—नई जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाऊंगा, संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना प्राथमिकता
रांची/लोहरदगा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस का प्रभारी नियुक्त किए जाने के बाद लोहरदगा सांसद सुखदेव भगत शुक्रवार को पहली बार झारखंड पहुंचे। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं, नेताओं और समर्थकों ने फूल-मालाओं एवं बुके से उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने नई जिम्मेदारी के लिए उन्हें बधाई दी।
स्वागत से अभिभूत सुखदेव भगत ने कहा कि यह स्वागत उनका नहीं, बल्कि लोहरदगा लोकसभा की जनता का है। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी और संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल के प्रति आभार जताते हुए कहा कि पार्टी ने एक छोटे से कार्यकर्ता और आदिवासी समाज के बेटे को इतनी बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्होंने कहा कि इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाते हुए पार्टी नेतृत्व के भरोसे को कायम रखने का प्रयास करेंगे।
सांसद ने कहा कि छत्तीसगढ़ में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करना तथा कांग्रेस की विचारधारा और जनहित से जुड़े मुद्दों को घर-घर तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन सभी कांग्रेसजनों को एक मंच पर एकजुट होकर संगठन के लिए काम करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं के सहयोग से छत्तीसगढ़ में कांग्रेस संगठन को नई मजबूती और ऊर्जा मिलेगी।
छत्तीसगढ़ सरकार पर निशाना साधते हुए भगत ने कहा कि वहां युवा, किसान, महिला और आदिवासी सहित विभिन्न वर्गों के लोग सरकार की नीतियों से परेशान हैं। उन्होंने हसदेव क्षेत्र में जंगलों की कटाई और खनन से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर जनता के मुद्दों को उठाने और सरकार की नीतियों से लोगों को अवगत कराने का काम करेंगे।
एयरपोर्ट पर मिले स्नेह और समर्थन के लिए सांसद ने सभी कार्यकर्ताओं, नेताओं और शुभचिंतकों का आभार जताया। इसके बाद रांची से लोहरदगा जाने के क्रम में विभिन्न स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया।