दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव से पहले एनएसयूआई कार्यालय पहुंचे सुखदेव भगत
By Team orangehindi

छात्र नेताओं से की मुलाकात, चुनावी तैयारियों का लिया जायजा; कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर खुद बनाई चुनावी पर्चियां
लोहरदगा। लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सह छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत मंगलवार को दिल्ली स्थित भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के केंद्रीय कार्यालय पहुंचे। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव को लेकर चल रही तैयारियों के बीच उन्होंने छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ का चुनाव 18 सितंबर 2026 को प्रस्तावित है। चुनाव को लेकर एनएसयूआई कार्यालय में कार्यकर्ता पर्चियां बनाने और प्रचार सामग्री तैयार करने में जुटे हैं। सांसद सुखदेव भगत ने कार्यालय पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया तथा छात्र नेताओं से चुनावी रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा देश का भविष्य हैं। एनएसयूआई केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि सभी छात्रों को साथ लेकर चलने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि आगामी छात्रसंघ चुनाव विचारधाराओं की लड़ाई है। उन्होंने छात्रों से नफरत की राजनीति के खिलाफ प्रेम, सद्भाव और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान किया।
सांसद ने कहा कि एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव में मेहनत करनी चाहिए। इसके बाद उन्होंने स्वयं कुर्सी पर बैठकर छात्र कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी पर्चियां बनाईं। सांसद को अपने बीच बैठकर काम करते देख छात्र नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा।