Orange hindi lohardaga live

सुखदेव उरांव निर्विरोध निर्वाचित जिला परिषद लोहरदगा को मिला नया अध्यक्ष

By Team Lohardaga live

Administrative
जिला परिषद के नवनिर्वाचित अध्यक्ष को सर्टिफिकेट प्रदान करते उपायुक्त

लोहरदगा। जिला परिषद लोहरदगा के अध्यक्ष पद के रिक्त पद के लिए शनिवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में अप्रत्यक्ष निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी की गई। निर्वाचन में कैरो प्रखंड के जिला परिषद सदस्य सुखदेव उरांव द्वारा एकमात्र नाम निर्देशन पत्र दाखिल किया गया। अन्य कोई उम्मीदवार नहीं होने के कारण मतदान की आवश्यकता नहीं पड़ी और सुखदेव उरांव को निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।

निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान जिला परिषद उपाध्यक्ष विनोद उरांव, किस्को प्रखंड के जिला परिषद सदस्य संदीप कुमार, कुडू पश्चिमी की जिला परिषद सदस्य रीना कुमारी, कुडू पूर्वी की जिला परिषद सदस्य गंगोत्री देवी, भंडरा की जिला परिषद सदस्य राजमनी देवी, सेन्हा की जिला परिषद सदस्य राधा तिर्की तथा पेशरार की जिला परिषद सदस्य रूबी कुमारी उपस्थित रहीं।

निर्वाचन के पश्चात उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) डॉ. ताराचंद द्वारा नवनिर्वाचित अध्यक्ष को निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इसके साथ ही उन्हें संविधान के तहत पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता जितेंद्र मुंडा, जिला पंचायत राज पदाधिकारी अंजना दास, जिला आपूर्ति पदाधिकारी मनीष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शिवनंदन बड़ाईक सहित निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।