अंधविश्वास और कुरीतियां होंगी शिक्षा से दूर: डॉ ताराचंद
By Team Lohardaga live

लोहरदगा। उपायुक्त डॉ ताराचंद ने शिक्षा विभाग की बैठक में कहा कि अंधविश्वास और कुरीतियां सिर्फ शिक्षा से ही दूर हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि बिना शिक्षा के इन कुरीतियों और प्रथाओं को दूर करना असंभव है। डायन प्रथा, बाल विवाह जैसी कुरीतियों को हमें शिक्षा के जरिये दूर करना है।
बैठक में मध्याह्न भोजन की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी विद्यालयों में नामांकन के आलोक में सौ प्रतिशत मध्याह्न भोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति सबसे कम है, वैसे विद्यालयों को चिन्हित करते हुए बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने, मध्याह्न भोजन की चखन पंजी में नियमित रूप से एंट्री करने, प्रत्येक माह का लक्ष्य निर्धारित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अनुपस्थित रहनेवाले बच्चों को चिन्हित करते हुए उन्हें मोबिलाईज करने का निर्देश दिया। बीआरपी, सीआरपी अपने संबंधित विद्यालयों का नियमित रूप से भ्रमण करें। विद्यालयों में नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच का कार्य स्वास्थ्य विभाग को किये जाने का निर्देश दिया गया।
बैठक में शिक्षकों के क्षमता संवर्द्धन, छात्र-छात्राओं के ड्रॉप की समस्या को दूर करने, स्कूलों का सर्टिफिकेशन, पोशाक वितरण साइकिल वितरण, कस्तूरबा गांधी विद्यालयों में नामांकन व अन्य बिंदु, व्यस्क साक्षरता, छात्रवृति वितरण, आइसीटी चैंपियनशिप-2025 आदि बिंदुओं पर चर्चा की गई और आवश्यक निर्देश दिये गये।
