Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में खाद्य सुरक्षा विभाग का औचक निरीक्षण, कई दुकानों पर कार्रवाई

By Team Lohardaga live

General
जांच करते अधिकारी

लोहरदगा। उपायुक्त लोहरदगा डॉ. कुमार ताराचंद के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजू कच्छप के मार्गदर्शन में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. मोइन अख्तर के नेतृत्व में जिले के पतराटोली, शंख नदी मोड़ और सोमवार बाजार क्षेत्रों में विशेष खाद्य सुरक्षा निरीक्षण अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान मिठाई की दुकानों, किराना दुकानों, होटलों, जनरल स्टोर्स, फास्ट फूड स्टॉलों और चाय-नाश्ते की दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में कई जनरल स्टोर्स के फ्रीजरों में एक्सपायरी डेट के कोल्डड्रिंक्स पाए गए, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया। संबंधित दुकानदारों पर कार्रवाई करते हुए चार दुकानों से कुल लगभग 5 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया गया और भविष्य में ऐसी गलती न दोहराने की सख्त चेतावनी दी गई।

खाद्य सुरक्षा टीम ने यह भी पाया कि अधिकांश खाद्य प्रतिष्ठान बिना खाद्य लाइसेंस के या समाप्त लाइसेंस के साथ संचालित किए जा रहे थे। सभी प्रतिष्ठानों को सात दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से लाइसेंस प्राप्त करने का नोटिस दिया गया। साथ ही, इमली चौक स्थित होटलों को निर्देशित किया गया कि वे बिरयानी में केवल एफएसएसएआई प्रमाणित रंग, सुगंध और सामग्री का ही उपयोग करें।

अभियान के दौरान मेसर्स एसएस मार्ट से दालों और मसालों के नमूने तथा राहत नगर स्थित मेसर्स राजा बेकरी से विभिन्न प्रकार की कुकीज के नमूने लिए गए। नमूनों को रासायनिक एवं गुणवत्ता परीक्षण के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, नामकुम भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के समय सहायक कार्मिक रजनीश कुमार भी उपस्थित रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी, और निर्देशों का पालन नहीं करने पर खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।