कुजरा गांव के पास दिखा संदिग्ध वन्यजीव, तस्वीर सामने आने से ग्रामीणों में दहशत
By Team orangehindi

वन विभाग ने शुरू की जांच, अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की
लोहरदगा। सदर थाना क्षेत्र के कुजरा गांव में सोमवार को एक संदिग्ध जंगली जीव दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रभारी फॉरेस्टर विक्की कुमार मेहता ने वन्यजीव देखे जाने की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, कुजरा गांव निवासी इरशाद अंसारी के घर के समीप कुछ ग्रामीणों ने एक जंगली जीव को देखा। लोगों ने उसकी तस्वीर लेने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर में वह अंधेरे में ओझल हो गया। हालांकि, एक ग्रामीण उसकी तस्वीर लेने में सफल रहा। बाद में तस्वीर वन विभाग को उपलब्ध कराई गई।
प्रभारी फॉरेस्टर विक्की कुमार मेहता ने बताया कि उपलब्ध तस्वीर के आधार पर प्रथम दृष्टया वन्यजीव चीता जैसा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने संभावना जताई कि यह बगडू-पेशरार क्षेत्र के जंगलों से निकलकर आबादी वाले इलाके में पहुंचा होगा और बाद में जंगल की ओर लौट गया।
वन विभाग की टीम तस्वीर और मौके से मिले संकेतों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। लोहरदगा और लातेहार के वन क्षेत्र आपस में जुड़े होने के कारण इस इलाके में विभिन्न वन्यजीवों की मौजूदगी रहती है।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी जंगली जीव के दिखाई देने पर उसके पास न जाएं और न ही उसे घेरने या परेशान करने का प्रयास करें। तत्काल वन विभाग को सूचना दें। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कुजरा के पास दिखाई दिया वन्यजीव वास्तव में चीता था या कोई अन्य जंगली जानवर।