स्वामी विवेकानंद युवाओं के लिए सदैव आदर्श रहेंगे : सागर वर्मा
By Team Lohardaga live
राष्ट्रीय युवा दिवस पर जामुन टोली में चिकित्सा जांच शिविर आयोजित
लोहरदगा। नवोदय विद्यालय पूर्ववर्ती छात्र संघ, लोहरदगा के तत्वावधान में बगरू थाना अंतर्गत जामुन टोली गांव में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर एक चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच करते हुए खून के नमूने लिए गए, जिनके माध्यम से शुगर, हीमोग्लोबिन और यूरिक एसिड की जांच की गई। साथ ही ग्रामीणों का ब्लड प्रेशर भी मापा गया।
शिविर के दौरान ग्रामीणों से संवाद स्थापित करते हुए नवोदय विद्यालय पूर्ववर्ती छात्र संघ के सचिव सागर वर्मा ने कहा कि स्वामी विवेकानंद युवाओं के लिए हमेशा आदर्श रहेंगे। उन्होंने कहा कि आज राष्ट्रीय युवा दिवस की सार्थकता पूरे राष्ट्र के लिए अत्यंत आवश्यक है। वर्तमान समय में गांव नशाखोरी एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों के कारण विकास की गति से पिछड़ रहे हैं, ऐसे में युवाओं को आगे आकर अपने भविष्य और समाज को बचाना होगा।
उन्होंने कहा कि आज का युवा तकनीकी ज्ञान के अभाव, करियर के दबाव और बेरोजगारी जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है, जिससे वह कुंठा में आकर गलत रास्तों की ओर भटक जाता है। ऐसे समय में स्वामी विवेकानंद का संदेश—“उठो, जागो और लक्ष्य की प्राप्ति तक मत रुको”—युवाओं को सही दिशा दिखा सकता है। उन्होंने कहा कि नवोदय विद्यालय के पूर्व छात्र इस जिम्मेदारी को समझते हुए गांव की ओर लौटकर समाज को संवारने का प्रयास कर रहे हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ बगरू थाना के एएसआई तारकेश्वर प्रसाद साहू द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर नवोदय विद्यालय पूर्ववर्ती छात्र संघ के जिला अध्यक्ष कलिंद्र उरांव ने कहा कि नवोदय विद्यालय के पूर्व छात्र अपने गांव, समाज और शहर के लिए सदैव खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि नवोदय से शिक्षा प्राप्त करने के बाद अब समाज को कुछ लौटाने का समय है।
कलिंद्र उरांव ने कहा कि संघ के सदस्य गांव-गांव जाकर ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत हो रहे हैं और सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभ दिलाने में सेतु की भूमिका निभाएंगे।
चिकित्सा जांच शिविर में आशीर्वाद आरोग्यम की ओर से आशीर्वाद सुमन एवं सतीश महतो ने ग्रामीणों के स्वास्थ्य परीक्षण किए। आशीर्वाद सुमन ने ग्रामीणों को स्वस्थ रहने के लिए छोटे-छोटे लेकिन प्रभावी उपाय भी बताए तथा आवश्यकता पड़ने पर आगे भी सेवा देने की बात कही।
कार्यक्रम में सागर वर्मा, कलिंद्र उरांव, आशीर्वाद सुमन, सतीश महतो, शाहिद हुसैन, निशा कुमारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
