किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, कमरे में मिला शव
By Team orangehindi

परिजनों ने दरवाजा खोलकर देखा, अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
लोहरदगा। किस्को थाना क्षेत्र के बंजारा गांव में रविवार को करीब 15 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान संगम उरांव, पिता श्याम दयाल उरांव, निवासी बंजारा, किस्को के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, संगम शनिवार रात खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था। रविवार सुबह देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों ने दरवाजा खोलकर देखा। इसके बाद उसे तत्काल सदर अस्पताल लोहरदगा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की। सदर थाना के पुलिस पदाधिकारी अरविंद शर्मा की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इस दौरान झारखंड राज्य दफादार-चौकीदार पंचायत के जिला अध्यक्ष शमशुल अंसारी, बरतु उरांव और अंगनू मुंडा सहित अन्य लोग मौजूद रहे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।