Orange hindi lohardaga live

हमीद नगर में गूंजा वीर अब्दुल हमीद का शौर्य, फुटबॉल मैदान पर दिखा युवाओं का जज्बा

By Team orangehindi

General
हमीद नगर में गूंजा वीर अब्दुल हमीद का शौर्य, फुटबॉल मैदान पर दिखा युवाओं का जज्बा

फाइनल में डीसी संदीप कुमार मीना और एसपी सादिक अनवर रिजवी ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित

कुड़ू/लोहरदगा। परमवीर चक्र विजेता शहीद वीर अब्दुल हमीद की वीरता और राष्ट्रभक्ति की स्मृति में कुड़ू प्रखंड के हमीद नगर में आयोजित तीन दिवसीय वीर अब्दुल हमीद फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। बिंदास कमेटी के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता के समापन समारोह में लोहरदगा उपायुक्त संदीप कुमार मीना मुख्य अतिथि तथा पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए।

अधिकारियों ने मैदान में पहुंचकर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और फाइनल मुकाबले का आनंद लेते हुए उनका उत्साह बढ़ाया। मुकाबले के बाद विजेता और उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

उपायुक्त संदीप कुमार मीना ने कहा कि वीर अब्दुल हमीद का साहस, समर्पण और राष्ट्रभक्ति आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में उन्होंने अदम्य साहस का परिचय देते हुए देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और संघर्ष की क्षमता विकसित करता है। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी प्रतियोगिताएं स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने का प्रभावी माध्यम हैं।

एसपी सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि वीर अब्दुल हमीद की शहादत कर्तव्य और देश के प्रति समर्पण की मिसाल है। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने के साथ उन्हें नशे और अपराध से दूर रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को बेहतर अवसर मिलना जरूरी है।

समारोह में झामुमो जिला अध्यक्ष मोजाम्मिल अहमद सहित रमेश साहू, कुमार संदीप, सुमित कुमार राय, मोजीबूल रहमान समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे। आयोजन समिति के अध्यक्ष फारूक अहमद, सचिव रोशन ठाकुर, आफताब आलम, कलीम अंसारी, सलीम पडू, अनामूल खान, परमेश्वर ठाकुर, संजय कुमार और संदीप उरांव सहित अन्य सदस्यों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।

और पढ़ें