Orange hindi lohardaga live

लोहरदगा में जय अग्रसेन के नारों से गूंजा शहर, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा अग्र समाज

By Team orangehindi

General
लोहरदगा में जय अग्रसेन के नारों से गूंजा शहर, भव्य शोभायात्रा में उमड़ा अग्र समाज

सुसज्जित रथ पर निकले महाराजा अग्रसेन, 18 गोत्र की पताकाओं ने बढ़ाई शोभा

लोहरदगा। महाराजाधिराज भगवान अग्रसेन की 5150वीं जयंती पर रविवार को लोहरदगा में आस्था, उत्साह और सामाजिक एकजुटता का भव्य नजारा देखने को मिला। अग्रवाल सभा, अग्रवाल महिला समिति और अग्रवाल यूथ सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में अग्रसेन धर्मशाला परिसर से भगवान अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जय अग्रोहा, जय अग्रसेन और महाराजा अग्रसेन की जय के नारों से शहर गुंजायमान रहा।

शोभायात्रा से पहले अग्रसेन भवन परिसर में ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच सुसज्जित रथ पर विराजमान महाराजा अग्रसेन की आकर्षक झांकी के साथ शोभायात्रा रवाना हुई। अग्र समाज के 18 गोत्रों के प्रतीक स्वरूप लहराती पताकाओं ने आयोजन की भव्यता बढ़ाई। महिलाएं, युवतियां, पुरुष, युवा और बच्चे उत्साहपूर्वक इसमें शामिल हुए। हाथों में तलवार लिए महिलाएं और युवतियां शोभायात्रा के आगे चल रही थीं। वाहनों पर बजते अग्रसेन महाराज के भजनों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

शोभायात्रा अग्रसेन भवन से निकलकर राणा चौक, तिवारी दुरा, हटिया गार्डन, तेतरतर, चंद्रशेखर आजाद चौक, गुदरी बाजार, अपर बाजार, महावीर चौक, ईस्ट गोला रोड, बरवाटोली और मिशन चौक होते हुए पुनः अग्रसेन भवन पहुंची। इस दौरान महाराजा अग्रसेन की जय, कुलदेवी माता महालक्ष्मी की जय, एक रुपया-एक ईंट और अग्रवाल समाज अमर रहे जैसे नारों से शहर का माहौल उत्सवमय रहा।

अग्रसेन भवन पहुंचने के बाद महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर महाआरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया गया। शोभायात्रा की अगुवाई अग्रवाल सभा के वरिष्ठ सदस्यों ने की। पूरे आयोजन में अग्र समाज की भागीदारी और एकजुटता देखने को मिली।

और पढ़ें