लोहरदगा में प्रभा देवी के लिए सरकारी योजनाओं का दरवाजा खुला, उपायुक्त ने मामले में लिया संज्ञान
By Team Lohardaga Live

लोहरदगा जिले के कुड़ू प्रखंड अंतर्गत ओपा गांव निवासी प्रभा देवी के लिए एक अच्छी खबर है। उनके परिवार की दयनीय स्थिति को देखते हुए कांग्रेस नेत्री और सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर ब्यूटी मंडल ने ट्विटर (अब x) पर उपायुक्त लोहरदगा को टैग करते हुए प्रभा देवी की स्थिति को उजागर किया था। अब प्रशासन ने प्रभा देवी के लिए जरूरी दस्तावेज़ी प्रक्रिया शुरू कर दी है ताकि उन्हें सरकारी सहायता योजनाओं का लाभ मिल सके।
प्रभा देवी के पति की मौत लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व हो गया था, और उसके कुछ ही समय बाद उनके सास-ससुर की भी मृत्यु हो गई। उनके तीन छोटे बच्चे हैं जो सरकारी स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं। प्रभा देवी खुद मजदूरी कर किसी तरह अपने बच्चों का पालन-पोषण कर रही हैं, लेकिन नियमित काम न मिलने के कारण परिवार की आर्थिक स्थिति खराब है।
ब्यूटी मंडल ने उपायुक्त लोहरदगा से अनुरोध किया था कि प्रभा देवी को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विशेषकर स्पॉन्सरशिप योजनाओं के अंतर्गत सहायता दी जाए ताकि बच्चों की पढ़ाई और परिवार की बुनियादी जरूरतें पूरी हो सकें। उपायुक्त लोहरदगा ने ब्यूटी मंडल के ट्वीट पर त्वरित प्रतिक्रिया देते हुए जवाब दिया – “मामला संज्ञान में है, आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।”
अब प्रभा देवी को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा, जिससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार हो सकता है। यह पहल इस बात का उदाहरण है कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच सकारात्मक संवाद किस प्रकार ज़रूरतमंदों के जीवन में बदलाव ला सकता है।
