आशियाना जलने से बेघर हुए परिवार को मिलेगा मुआवजा
By Team Lohardaga live

सांसद सुखदेव भगत के प्रयास से आपदा सहायता व पीएम आवास का लाभ दिलाने का आश्वासन
लोहरदगा। सदर प्रखंड के आईने गांव पतराटोली में आग लगने से बेघर हुए चम्पा उराव (पिता स्व. बिरसू उराव) के परिवार से सांसद प्रतिनिधियों ने मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया। इस हादसे में परिवार का घर जलकर पूरी तरह राख हो गया, जिससे आठ सदस्यीय परिवार, जिसमें एक वर्ष का मासूम बच्चा भी शामिल है, कड़ाके की ठंड में तंबू लगाकर रात गुजारने को मजबूर है।
सांसद प्रतिनिधि मनोज सोन तिर्की, मनोज भगत एवं लच्छु उराव ने पीड़ित परिवार से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जानकारी सांसद सुखदेव भगत को दी जाएगी और आपदा राहत के तहत जो भी लाभ देय होगा, उसे शीघ्र दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
सांसद प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि पीड़ित परिवार अत्यंत गरीब है, इसलिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का आवास दिलाने का प्रयास किया जाएगा, ताकि परिवार को स्थायी राहत मिल सके।
बताया गया कि जिस समय घर में आग लगी, उस समय परिवार के सभी सदस्य खेती के कार्य के लिए खेत गए हुए थे। सूचना मिलने पर जब तक वे घर पहुंचे, तब तक घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था।
घटनास्थल पर पंचायत अध्यक्ष रंजीत उराव के अलावा राजेंद्र उरांव, जेम्स उरांव, सुशील उरांव, धर्मपाल उरांव, रातो उरांव, फुलेश्वर उरांव, सतीश उरांव, वीरसमुनि उरांव, अनिल उरांव एवं शिवराज उरांव सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे। सभी ने पीड़ित परिवार को शीघ्र सहायता दिलाने की मांग की।
